शनिवार, 2 अक्टूबर 2021

पितृदोष या शापित कुंडली देता है भयानक दुष्परिणाम, मजबूर हो गया मानने को

दोस्तों पिछले दिनों पितृपक्ष में मै गया चला गया। अपने पितरों का श्राद्ध व पिंडदान करने। मेरे परिवार में पिछली सात पीढ़ियों में किसी की गया नहीं हुई जैसा कि मेरी जानकारी है। मेरे पूर्वज गया तीर्थ को मानते थे या नहीं ये तो नहीं पता लेकिन ये कहते सुना जरूर था कि हम नहीं मानते कि लड़के पानी नहीं देंगे तो हम तरेंगे नहीं। लेकिन मेरे परिवार में एक बात बहुत कामन रही कि उम्र की अधेड़ावस्था में आजीविका का संकट खड़ा हो जाता है जोकि इतना भयानक होता है कि पूरा परिवार असतव्यस्त हो जाता है। जहां से मुझे जानकारी है मेरे परबाबा के पिता जी कन्हैया लाल वाजपेयी रानी झांसी के साथ लड़े थे। उनके पुरखे रीवां के किसी गांव से थे जो कि मुझे जानकारी नहीं है लेकिन मेरे बाबा कहा करते थे कि हमारे पुरखे रीवां नरेश के राजगुरु थे। सत्य क्या है नहीं पता। खैर रानी झांसी की पराजय और उनके न रहने पर अंग्रेजों का दमन चक्र चला परिवार को बचाने के लिए वह एक बैलगाड़ी में पुआल के नीचे परिवार को छिपा कर किसी तरह कानपुर में बिठूर के पास रामनगर गांव पहुंचे और यहां परिवार को छोड़कर आजादी की जंग लड़ने चले गए और फिर नहीं लौटे। उनके लड़के सतीदीन वाजपेयी रामनगर जिसे राजस्व गांव बगदौदी बांगर भी कहते हैं वहां सत्ती सूरमा के नाम से मशहूर हुए। सुना है उनके साथ घुड़सवारे दस्ता चलता था और बड़े बड़े जमींदार दंडवत हो जाते थे। 1900 ईसवी के आसपास जब प्लेग फैला तो उसमें उनकी, उनकी पत्नी और बेटी की मौत हो गई थी। जिस तरह आज के दौर में कोरोना मरीज की मौत होने पर उसका शरीर कोई नहीं छूता था उसी तरह से प्लेग थी। कई दिन तक लाशें गांव में पड़ी रहीं फिर कोई कहीं डाल आया। उनके तीन पुत्र थे शंभू, गोविंद और गोपाल। शंभू रूरा के पास गाऊपुर गांव में थे। संभव है प्लेग के डर से गांव न आए हों। लेकिन उनके न आने से बाबा को ऐसी नाराजगी हुई कि उनसे कोई संबंध नहीं रखा। बाद में मेरे बाबा किसी तरह से जब पढ़ लिख गए तो गांव लौटे लेकिन तब तक उनके छोटे भाई गोपाल की भी मृत्यु हो चुकी थी। दादी बाबा अम्मा पिताजी इनकी विधिवत अंत्येष्टि हुई थी। लेकिन मुझसे कई तांत्रिकों और ज्योतिषियों ने कहा आप पर पितृदोष है। आपके साथ आपके पितृ चल रहे हैं। वह अपनी मुक्ति चाहते हैं। अधेड़ावस्था मेंआजीविका का संकट बाबा को भी आया। पिताजी को भी आया। मेरे भैया को भी आया और मुझे भी भोगना पड़ रहा है। इसलिए लोगों के बार बार कहने पर पितृदोष से मुक्ति और पितरों की आत्मा को शांति देने की कामना से मै गया हो आया। सब पितरों को बैठा आया। मन वचन कर्म से यही प्रार्थना है वह मुक्ति पाएं। हमने जो भोगा हमारे बच्चों को इस पितृदोष से मुक्ति मिले। इस बार इतना ही बाकी फिर कभी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें